देहरादून , नवंबर 09 -- उत्तराखंड राज्य स्थापना के पच्चीस वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मनाए जा रहे रजत जयंती समारोह पखवाड़े के अंतर्गत, रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सेवा दल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद, केक काटकर राज्य स्थापना की रजत जयंती मनाई गई।

इससे पहले ध्वज आरोहण के समय उपस्थित नेता और कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम, ध्वज गीत व राष्ट्रगान गान का वाचन किया।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल द्वारा तैयार करवाए गए पच्चीस पौंड के केक को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना , मदन लाल महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी व अन्य नेताओं के साथ मिल कर केक काटा।

प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने सभी प्रदेश वासियों को राज्य निर्माण की पच्चीसवीं वर्षगांठ पर बधाइयां देते हुए कहा कि आज पूरा प्रदेश जब राज्य स्थापना की रजत जयंती मना रहा है, तब हम सभी को एक आत्मनिर्भर विकसित व खुशहाल उत्तराखंड प्रदेश बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह उपयुक्त समय है जब हम सब थोड़ा पीछे मुड़ कर इस बात का आंकलन करें कि बीते पच्चीस सालों में क्या हम शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हैं? उन्होंने कहा कि राज्य के निर्माण से अब तक के पच्चीस सालों की यात्रा में कांग्रेस ने दस वर्षों के अपने शासन काल में प्रदेश में एक मजबूत आधारशिला रखने का काम किया और प्रदेश के आर्थिक स्वरूप, औद्योगिक विकास,मजबूत भू कानून, उच्च शिक्षा के अनेक प्रतिष्ठान, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, गैरसैण में अवस्थापना विकास जैसे ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंद्रह सालों के शासनकाल में प्रदेश को मुख्यमंत्री बनाने वाली फैक्ट्री बना दिया और पंद्रह सालों में नौ मुख्यमंत्री दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध खनन, घर घर शराब व नशा, नकल, पेपर लीक, भर्ती घोटाले, व महिलाओं के खिलाफ हिंसा बलात्कार व हत्या जैसे कार्यों से राज्य को बदनाम किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित