अंबिकापुर , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर, केवरा की बीएससी की छात्रा सुधा सिंह ने एथलेटिक्स की हैमर थ्रो विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल करने वाली सुधा सिंह की इस उपलब्धि पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उन्हें सम्मानित किया।

जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसारमंत्री राजेश अग्रवाल ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों से निकलकर आने वाली प्रतिभाएं आज हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की है, ताकि ये होनहार खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का नाम ऊंचा कर सकें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा दे रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिले, इस दिशा में सरकार निरंतर प्रयासरत है। सुधा सिंह की यह उपलब्धि बताती है कि यदि लगन और मेहनत हो तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।

महाविद्यालय परिवार ने भी सुधा सिंह के इस यशस्वी प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया है। प्राचार्य एवं शिक्षकों ने इसे महाविद्यालय के लिए गौरवशाली क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सुधा सिंह की मेहनत और समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा कहीं भी, कभी भी उभर सकती है, बस उसे पहचानने और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे शुभकामनाएं दी हैं। सुधा सिंह की इस उपलब्धि से पूरे लखनपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है और इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि बेटियों के सशक्तिकरण और उनके सपनों को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित