सागर , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश के सागर जिला मुख्यालय पर मकरोनिया स्थित गार्डन में दो दिवसीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि कुश्ती भारत की मिट्टी से जुड़ा खेल है, जो खिलाड़ियों को शारीरिक शक्ति के साथ मानसिक दृढ़ता और अनुशासन सिखाता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रतिभा और लगन के आधार पर खिलाड़ी इसमें उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों और बेहतर सुविधाओं से भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का महत्व इस कारण भी बढ़ गया है कि यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के आधार पर मध्यप्रदेश की कुश्ती टीम का चयन किया जाएगा। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग के लिए फ्री-स्टाइल और ग्रीको-रोमन शैली के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सागर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष आनंद विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी, सचिव मनीष यादव कुड़ारी और कार्यकारी अध्यक्ष रामेश्वर चौबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन 13 अप्रैल को शाम 5 बजे होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित