जयपुर , अप्रैल 01 -- राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के चुनाव संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए उनकी बयानबाजी को अनर्गल बयानबाजी करार दिया और कहा कि राज्य सरकार की स्वायत्त शासन विभाग के नगर निकायों के चुनाव जल्द से जल्द कराये जाने की मंशा हैं।

श्री खर्रा ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि हम आवश्यक वैधानिकता के साथ चुनाव कराने के लिए तत्पर हैं जबकि श्री डोटासरा चुनावों को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। इस तरह की बयानबाजी से पहले वो अपने गिरेबान में झांकें, उन्होंने अपने कार्यकाल में चुनाव को मजाक बना कर रखा था और आज वो अनर्गल बयानबाजी और सलाह दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गत सितम्बर में ही नगर निकायों के चुनावों के लिए आवश्यक काम पूरा कर लिया था और अधिसूचनाएं प्रकाशित करवा दी थी। उन्होंने कहा कि हमने इसे लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय में विशेष अपील दायर की लेकिन निर्णय से पहले ही उच्च न्यायालय ने नोखा नगरपालिका के लिए अपना निर्णय सुनाया। निर्णय में स्पष्ट किया गया है कि राजस्थान नगरपालिका अधिनियम की धारा 10 राज्य सरकार को अधिकृत करती है कि वो नगर निकायों की सीमा में परिवर्तन, पुनर्गठन एवं पुनर्सीमांकन कर सकती है। इस तरह से अब हमारे 309 नगर निकायों में चुनाव को लेकर कोई बाधा नहीं है।

राज्यमंत्री खुर्रा ने कहा कि राज्य पिछडा वर्ग आयोग की रिपोर्ट जब तक प्रस्तुत नहीं होती है तब तक हम अन्य पिछडा वर्ग को आरक्षण नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा में भी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और अन्य नेताओं ने यह प्रश्न उठाया था। जब भी कहा गया था कि अगर आपकी मंशा यह है कि अन्य पिछडा वर्ग को आरक्षण दिए बिना ही चुनाव करा दिए जाएं तो आप लिखित में मांग करें हम निश्चित रूप से उस पर उचित निर्णय करेंगे लेकिन आज तक कांग्रेस या अन्य किसी राजनीतिक दल की तरफ से ऐसी कोई मांग नहीं आई है।

श्री खर्रा ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग और राज्य पिछडा वर्ग आयोग दोनों संवैधानिक संस्थाएं हैं और ये दोनों संस्थाएं स्वतंत्र रूप से कार्य करती हैं। जब भी यह दोनों संस्थाएं इस प्रकरणों में अपना निर्णय प्रस्तुत कर देगी, राज्य सरकार तुरंत उसके अनुसार आगे की कार्यवाही कर चुनाव कराने के लिए तत्पर रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित