अरवल , मार्च 23 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में अरवल जिला अंतर्गत बेलखरा के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान अरवल की जिलाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री कुमार को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
श्री कुमार ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं, उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित