भागलपुर, मार्च 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि सरकार राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर उन्हें प्रोत्साहित कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी के प्रांगण में जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समीक्षा के दौरान कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं, उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि सभी लोगों का सम्मान हो एवं उनका जीवन यापन आसान हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित