रांची , नवंबर 13 -- झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा राज्य के सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में जारी "झारखंड राज्य की 25वीं रजत जयंती वर्ष - विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं के उत्सव" के आज तीसरे दिन राज्य के 52,794 विद्यार्थियों ने प्रखंड स्तर पर आयोजित क्विज, निबंध, नृत्य, संगीत, ड्रामा, कहानी लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राज्य के सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में विशेष प्रातःकालीन सभाओ का आयोजन किया गया। इनमे राज्य के 30.8 लाख विद्यार्थी शामिल हुए और राज्य के महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। विशेष प्रातःकालीन सभाओ में स्कूली बच्चो को राज्य के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध कला संस्कृति और जनजातीय गौरव के बारे में अवगत कराया गया। प्रखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को जिलास्तर पर अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
झारखंड राज्य की 25वीं रजत जयंती वर्ष - विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं के उत्सव के तहत 14 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओ का आयोजन किया जाएगा। राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों, सरकारी एवं आवसीय विद्यालयों में कल दिनांक 14 नवंबर को सेमीनार का भी आयोजन किया जाएगा। उक्त सेमीनार में झारखंड के 25 वर्षो की विकास यात्रा, महपुरुषों एवं आंदोलनकारियों की जीवनी और राज्य के प्रति उनके समर्पण, राज्य की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा राज्य के समृद्ध कला संस्कृति जैसे विषयो पर चर्चा की जायेगी।
14 नवंबर को सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में विशेष प्रातःकालीन प्रभात फेरी भी निकाली जायेगी। 15 नवंबर को राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर जिलास्तरीय प्रतियोगिताओ के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित