पटना , फरवरी 28 -- बिहार में इलेक्ट्रिक बस सेवा को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने छह प्रमुख शहरों में अत्याधुनिक बस डिपो के निर्माण का निर्णय लिया है।

इस संबंध में परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने बताया है कि पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया में कुल 62 करोड़, 83 लाख रुपये की लागत से सरकारी डिपो बनाये जायेंगे। यह कार्य प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत किया जा रहा है। डीपो का निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा होगा। इनके बनने से ई- बसों का संचालन, रख-रखाव और चार्जिंग सुविधा में काफी सुधार होगा। साथ ही ड्राइवर- कंडक्टरों को बेहतर आराम की व्यवस्था मिलेगी।

कार्यशाला, बस धुलाई रैंप, एक साथ कई बसों की पार्किंग क्षमता, चार्जिंग स्टेशन के अलावा, पावर बैकअप मौजूद होगा। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय, लगभग दो मीटर ऊंची सीमा दीवार और फीडिंग रूम भी होगा।

जिलेवार अतिरिक्त सुविधाओं के तहत मुजफ्फरपुर में टर्मिनल सह सार्वजनिक प्रतीक्षालय क्षेत्र, शेड, सड़क, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म और गार्ड रूम गया जी में सड़क, पेवर ब्लॉक, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, दुकान, टर्मिनल और ई- बस चार्जिंग स्टेशन, भागलपुर में पेवर ब्लॉक, सड़क, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, सीमा दीवार, गार्ड रूम, टर्मिनल और ई-बस स्टेशन पर शेड, पूर्णिया में टर्मिनल सह सार्वजनिक प्रतीक्षालय क्षेत्र, शेड, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म और दरभंगा में शेड, पेवर ब्लॉक, दुकान, एलिवेटेड प्लेटफॉर्म, गार्ड रूम, सीमा दीवार का निर्माण किया जायेगा।

परिवहन मंत्री ने कहा कि ये आधुनिक डिपो इलेक्ट्रिक बसों के सुरक्षित संचालन, बेहतर रखरखाव, यात्रियों की सुविधा और चालक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ही सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित