श्रीगंगानगर , फरवरी 12 -- राजस्थान सरकार द्वारा अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के 11 सूत्रीय मांगपत्र और सात संकल्पों पर राज्य बजटमें कोई घोषणा नहीं करने से आक्रोशित कर्मचारियों ने गुरुवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करके बजट की प्रतियां जलायीं।
इसी क्रम में आज शाम श्रीगंगानगर में जिला कलेक्ट्रेट पर महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोककुमार कलवानिया और जिला मंत्री राधेश्याम यादव के नेतृत्व में महासंघ के घटक संगठनों से जुड़े कर्मचारी विरोध स्वरूप उपस्थित हुए। अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी करके प्रदर्शन किया गया और बजट की प्रतियां जलायी गयीं।
उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए शिक्षक नेता भूप सिंह कूकना ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। राज्य का कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मुखर है, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। ऐसी स्थिति में राज्य कर्मचारियों को कठोर निर्णय लेकर व्यापक आंदोलन की रणनीति तय करनी होगी।
कृषि पर्यवेक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल फ़ूलभाटी और राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र टाक ने राज्य बजट में कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बजट को कर्मचारी वर्ग के लिए निराशाजनक बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित