खरगोन , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश से पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरुण यादव ने कहा है कि प्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए प्रत्याशी का चयन कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व करेगा और वही निर्णय सर्वमान्य होगा।

श्री यादव ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं को एक सामान्य कार्यकर्ता मानते हैं और राज्यसभा सीट के लिए दावेदार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय करेगा, उसे सभी स्वीकार करेंगे। अपने गृहगांव बोरावां में अपने पिताश्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुभाष यादव के जन्मदिन पर आयोजित भक्ति दिवस कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने यह बात कही।

मीडिया में उनका नाम सामने आने और कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की मांग पर उन्होंने आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मिलने वाली राज्यसभा सीट पर भाजपा के प्रयास सफल नहीं होंगे और पार्टी की जीत सुनिश्चित रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित