पटना , मार्च 15 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता मनीष यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर राजद में मची घबराहट अब खुलकर सामने आ गई है और जिस पार्टी के नेता दिन-रात लोकतंत्र, संविधान और जनादेश की दुहाई देते नहीं थकते, वही आज अपने ही विधायकों को होटल में बंद कर पहरेदारी कर रहे हैं।

श्री यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव की अपने विधायकों को होटल में ''सुरक्षित'' रखने की कोशिश उनकी राजनीतिक असुरक्षा, अंदरूनी अविश्वास और तयशुदा हार की स्वीकारोक्ति है। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि जब नेतृत्व पर भरोसा खत्म हो जाता है, तब विधायक होटल में नजरबंद किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि राजद ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें अपने विधायकों की निष्ठा में विश्वास नही है और उन्हें हार का डर सता रहा है।

जदयू के प्रवक्ता ने कहा कि राजद का यह पुराना राजनीतिक चरित्र रहा है कि जब भी हार सामने दिखती है, तो सिद्धांत, नैतिकता और लोकतंत्र सब भूल जाते हैं।

श्री यादव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में राजग की जीत सुनिश्चित है और राजद की बेचैनी उसी का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित