भोपाल , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने भी अपनी दावेदारी जताई है। पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि बीएपी राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार उतारेगी।
श्री डोडियार ने कहा कि प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव होना है और उनकी पार्टी चाहती है कि आदिवासी समाज की आवाज उच्च सदन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह अकेले विधायक हैं, फिर भी पार्टी की ओर से उम्मीदवार उतारने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने भाजपा और कांग्रेस से अपील करते हुए कहा कि दोनों ही दल आदिवासी क्षेत्रों में जाकर समर्थन मांगते हैं, इसलिए अब उन्हें आदिवासी उम्मीदवार को समर्थन देना चाहिए, ताकि समाज का प्रतिनिधित्व राज्यसभा में हो सके।
राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हाल ही में अन्य राज्यों में हुई क्रॉस वोटिंग के बाद यहां भी दलों के भीतर रणनीति और समीकरणों पर मंथन जारी है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश की तीन सीटों में से एक सीट पर कांग्रेस की स्थिति को लेकर भी चर्चा बनी हुई है, ऐसे में बीएपी के उम्मीदवार उतारने की घोषणा से चुनाव और दिलचस्प होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित