भोपाल , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने आज मंगलवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेशन हाल (मिन्टो हाल) में "बिम्सटेक यूथ कल्चरल हेरिटेज एवं सस्टेनेबिलिटी इमर्शन प्रोग्राम-2026" का विधिवत उद्घाटन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके पश्चात राज्यपाल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा तुलसी पौधे का रोपण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। राज्यपाल का स्वागत स्काउट्स एवं गाइड्स की कलर पार्टी तथा पुलिस बैंड द्वारा किया गया, जिससे कार्यक्रम को गरिमामयी स्वरूप मिला।

कार्यक्रम में द भारत स्काउट एण्ड गाइडस के तत्वावधान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। स्वागत उद्बोधन महासचिव पी.जी.आर. सिंधाई ने दिया। इस अवसर पर भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी सी.एस.आर. राम ने बिम्सटेक संगठन की आवश्यकता, उसकी प्रासंगिकता और क्षेत्रीय सहयोग में उसकी भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डाला।

मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने स्काउट एवं गाइड संगठन की गतिविधियों, उसके सिद्धांतों तथा युवाओं में नेतृत्व विकास की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन केवल सात देशों की सहभागिता नहीं, बल्कि सात सभ्यताओं के सांस्कृतिक संगम का प्रतीक है। उन्होंने स्काउट-गाइड मूल्यों अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति को युवाओं के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया।

राज्यपाल श्री पटेल ने अपने उद्बोधन की शुरुआत "नमस्कार" के साथ करते हुए बिम्सटेक के सातों सदस्य देशों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने "वसुधैव कुटुम्बकम्" की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सह-अस्तित्व, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने युवा सशक्तिकरण, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा को इस प्रकार के आयोजनों की मूल भावना बताया।

उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, विभिन्न संस्कृतियों को समझने और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। राज्यपाल ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम को औपचारिक रूप से उद्घाटित घोषित किया।

विशेष निदेशक एस. प्रसन्ना श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह आयोजन 17 से 23 मार्च 2026 तक भोपाल एवं पचमढ़ी में आयोजित किया जा रहा है। कार्यकारी निदेशक अमर बी. छेत्री ने सभी प्रतिभागियों को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रतिज्ञा दिलाई, जिसका सभी ने सामूहिक रूप से पालन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत बिम्सटेक के सात सदस्य देशों बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका एवं थाईलैंड से लगभग 80 युवा प्रतिनिधि, अधिकारी एवं आयोजन दल के सदस्य भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन भोपाल एवं पचमढ़ी के विभिन्न स्थलों पर किया जाएगा, जहां प्रतिभागियों को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों से परिचित कराया जाएगा।

"हेरिटेज, नेचर एवं लीडरशिप फॉर ए सस्टेनेबल फ्यूचर" विषय पर आधारित यह कार्यक्रम सांस्कृतिक अन्वेषण, पर्यावरण संरक्षण और युवा नेतृत्व विकास को एकीकृत करता है। प्रतिभागी पचमढ़ी में साहसिक गतिविधियों और प्रकृति से जुड़े अनुभवों के माध्यम से सतत जीवनशैली के महत्व को समझेंगे।

यह कार्यक्रम क्षेत्रीय सहयोग, सांस्कृतिक संवाद और युवा कूटनीति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पिछले 14 महीनों में इस प्रकार का यह तीसरा प्रमुख बिम्सटेक युवा कार्यक्रम है, जो भारत की क्षेत्रीय नेतृत्व भूमिका को भी दर्शाता है।

इस अवसर पर आयोजित मेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस में 70 से अधिक मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहां अधिकारियों ने कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी और प्रश्नों के उत्तर दिए। अंत में राष्ट्रीय आयुक्त स्काउट श्री मनीष कुमार मेहता ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित