बेंगलुरु , जनवरी 22 -- कर्नाटक में विपक्ष के नेता चालवडी नारायणस्वामी ने विधानसभा में राज्यपाल के भाषण में बाधा डालने वाले कुछ कांग्रेस सदस्यों के अनुचित बर्ताव के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराया और उनसे तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है।

श्री नारायणस्वामी ने गुरुवार को विधानसौध में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की गुंडागर्दी पहले सड़कों तक सीमित थी। अब वह सदन में भी पहुंच गयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सदस्यों ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान उनसे हाथापाई करने की कोशिश की और वह इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

श्री नारायणस्वामी ने कहा कि ऐसा व्यवहार असंवैधानिक और लोकतंत्र विरोधी है और इसकी जिम्मेदारी श्री सिद्दारमैया को लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने राज्यपाल के काम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे संविधान और गठबंधन प्रणाली का सम्मान हुआ है। प्रक्रिया के मानकों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में बाधा डालने वाले सदस्यों को तय समय के लिए निलंबित कर देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित