चंडीगढ़ , मार्च 06 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री सर्वश्री हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा और हरभजन सिंह ईटीओ ने शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सदन से बहिर्गमन करने के फैसले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मंत्रियों ने कहा कि सदन में विपक्ष का यह व्यवहार और नारेबाजी राज्य के विकास के मील के पत्थर से जनता का ध्यान भटकाने की एक हताश कोशिश है।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सरकार की विरासत खजाने या लोगों की सेवा के बजाय शराब, रेत और ट्रांसपोर्ट माफिया के विकास से पहचानी जाती है। उन्होंने कहा, " पिछली सरकार ने राज्य के संसाधनों की लूट होने दी, जबकि वर्तमान आप सरकार ने वित्तीय अनुशासन और वास्तविक विकास पर ध्यान केंद्रित किया है।" उन्होंने कहा, " कांग्रेस, जो दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों में शून्य पर सिमट गयी है, अपने जन-विरोधी और दलित-विरोधी रुख के कारण पंजाब विधानसभा चुनाव में भी पूरी तरह सफाए की ओर बढ़ रही है। "श्री चीमा ने सदन में विपक्ष के आचरण की आलोचना करते हुए कहा कि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने दो बार कांग्रेस सदस्यों से बैठने और चर्चा में शामिल होने का अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने अलोकतांत्रिक व्यवहार किया। उन्होंने कैबिनेट सहयोगी हरभजन सिंह ईटीओ के प्रति कांग्रेस के अपमानजनक व्यवहार पर निशाना साधते हुए कहा, " लोग जानते हैं कि कांग्रेस दलित विरोधी है। हरभजन सिंह ईटीओ जैसे योग्य व्यक्ति, जो सिविल सेवा पास कर अधिकारी रहे और फिर जनता की सेवा के लिए राजनीति में आये, उन्हें कांग्रेस नेतृत्व ने 'बैंड बाजा' के समान बताया। आज जब हमारे सहयोगियों ने उनके साथ बैंड लाकर अपना गुस्सा जाहिर किया, तो कांग्रेस नेता सच्चाई का सामना नहीं कर सके।"कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि विधानसभा में विपक्ष का कृत्य शर्मनाक है। उन्होंने कहा, "राज्यपाल का अभिभाषण राज्य का रिपोर्ट कार्ड और भविष्य का रोडमैप पेश करने का अवसर होता है, लेकिन कांग्रेस ने पहले शब्द से ही व्यवधान डालना शुरू कर दिया।" उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि 63,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गयी है, आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार हुआ है और 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने गैंगस्टरों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया है और नशे के खिलाफ 'युद्ध' छेड़ दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित