लखनऊ , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शुक्रवार को संस्कृति स्कूल, लखनऊ के विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान केजी से कक्षा 11 तक के 60 विद्यार्थियों और 16 अध्यापकों ने जन भवन में राज्यपाल से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके जीवन के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने भविष्य के सपनों को साझा किया। कुछ विद्यार्थियों ने देश का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जताई, तो कुछ ने कमर्शियल पायलट बनने का लक्ष्य बताया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, कूड़ा हमेशा डस्टबिन में डालने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि बचा हुआ पानी पौधों में डालें और 'मां के नाम पर पौधारोपण' जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए हरी सब्जियां, दूध, दाल और पनीर जैसे पौष्टिक आहार लेने तथा नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को चॉकलेट भी वितरित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित