लखनऊ , जनवरी 26 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस पर सोमवार को जन भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने जन भवन में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।
समारोह के दौरान राज्यपाल ने वर्ष 2024 के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार का अति उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी अजमत अली, मुख्य आरक्षी जनार्दन मिश्रा, मुख्य आरक्षी (चालक) तीर्थराज पाल तथा उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी मोहम्मद नदीम को प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह मुख्य आरक्षी (कमांडो) विजय पाल यादव एवं निरीक्षक बृजेश भारद्वाज को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) प्रदान किया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सम्मानित कार्मिकों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों की निष्ठा एवं सेवा भावना समाज की सुरक्षा और व्यवस्था की मजबूत नींव है। इससे पूर्व राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी, राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता सहित जन भवन के अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित