रायपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 08 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आहूत की है। यह बैठक दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में मनरेगा के कार्यों की प्रगति, ब्लॉक एवं मंडल कमेटियों की सक्रियता, पंचायत एवं ग्राम स्तर की इकाइयों के कार्य, तथा बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही जिला स्तर पर स्थानीय मुद्दों को भी एजेंडा में शामिल किया गया है, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं पर संगठनात्मक रणनीति तय की जा सके।

बैठक में सभी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट और प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे समीक्षा के दौरान ठोस निर्णय लिए जा सकें। पार्टी संगठन की सक्रियता और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस संबंध में जारी पत्र में प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सूचना प्रेषित की है। बैठक की जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी का मानना है कि इस समीक्षा बैठक के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा आगामी कार्यक्रमों के लिए प्रभावी रणनीति तय की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित