जयपुर , जनवरी 23 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करनेके उद्देश्य से एक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने पुलिस बल और अधिकारियों को राष्ट्र के प्रति उनके लोकतांत्रिक कर्तव्यों की याद दिलायी।
पुलिस मुख्यालय के प्रांगण में आयोजित इस समारोह में श्री शर्मा ने सभी पुलिसकर्मियों को सामूहिक रूप से मतदान की शपथ दिलायी और कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक नागरिक का राष्ट्र के प्रति सबसे बड़ा कर्तव्य है। उनके आह्वान पर सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने एक साथ हाथ आगे बढ़ाकर निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान का संकल्प लिया।
इस दौरान यह संकल्प लिया गया कि लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखेंगे। वे धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा या किसी भी अन्य प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। श्री शर्मा ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि स्वतंत्र और शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाये रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित