गरियाबंद , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में कलेक्टर के निर्देश एवं जिला शिक्षा कार्यालय के आदेशानुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय राजिम में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए गुरुवार को आपदा प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एनसीसी अधिकारी एवं व्याख्याता सागर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण में एनडीआरएफ की थर्ड बटालियन (कटक, ओडिशा) की टीम ने विभिन्न आपदा परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक गुर सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान बाढ़, भूकंप, आगजनी, सिलेंडर में आग लगने, बिजली गिरने, जल दुर्घटनाओं, सर्पदंश, पशु एवं कीट काटने जैसी आपदाओं में बचाव एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही सीपीआर देने और आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के तरीकों का प्रदर्शन भी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित