पटना , जनवरी 05 -- राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने सोमवार को कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग पूरी तरह भ्रष्ट अधिकारियों, भूमाफियाओं और दलालों के चंगुल में फंसा हुआ है और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की तरफ से आयोजित 'भूमि सुधार जन कल्याण संवाद' यह स्पष्ट करता है कि इससे पहले नीतीश सरकार के संरक्षण में दो दशकों से भ्रष्ट व्यवस्था चल रही हैं।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े मामलों को लेकर उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा का एक्शन सुधार प्रक्रिया कम और भूमाफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों से मोटी रकम उगाही प्रक्रिया ज्यादा है। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश सरकार पिछले 20 वर्षों से चल रही है, फिर भूराजस्व और भूमि सुधार में व्याप्त भ्रष्टाचार की जिम्मेदारी किसकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित