जयपुर , दिसम्बर 07 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि जनता की आकांक्षाओं से बने संकल्प पत्र का क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए राज्य सरकार प्रदेश का सर्वांगीण विकास कर रही है और दो वर्ष के कार्यकाल में करीब 70 प्रतिशत संकल्प पत्र के वादों को पूरा कर लिया गया है।
श्री शर्मा आज यहां कृषि अनुसंधान केन्द्र दुर्गापुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सोशल मीडिया वॉरियर्स मीट-2025 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति के युग में सोशल मीडिया जनता के बीच पहुंचने का सशक्त और सुगम माध्यम है। सोशल मीडिया जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता और जवाबदेहिता के साथ सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सोशल मीडिया वॉरियर्स के समर्पण और कर्मठता के कारण पार्टी को विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत प्राप्त करने में सहयोग मिला। भाजपा सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को बिना भेदभाव के 28 करोड़ रुपए दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा , "पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में पेपर लीक हुए जिससे युवाओं के सपनों के साथ कुठाराघात हुआ जबकि भाजपा की सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। हम युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए भर्ती परीक्षाओं का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता के साथ कर रहे हैं। राज्य सरकार दो वर्षों में युवाओं को 92 हजार सरकारी नियुक्तियां दे चुकी है। इस माह लगभग 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।"श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार के गठन के समय प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया गया, जिसके अनुरूप योजनाओं और नीतियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। लंबित रामजल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते को गति प्रदान की। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान लगभग 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू किए गए हैं , जिनमें से सात लाख करोड़ से अधिक के धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी के मजबूत स्तंभ है और वे जन-जन तक राज्य सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं और पार्टी को मजबूत करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित