जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार के प्रयासों से उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है और यह प्रदेश विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
श्री शर्मा गुरुवार को भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) राजस्थान के वार्षिक सत्र को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने निवेशपरक वातावरण, नवाचारों को प्रोत्साहन, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा सिंगल विंडो क्लीयरेंस सहित विभिन्न ऐसे निर्णय किए हैं, जिससे प्रदेश में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। हम प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 2047 तक 4.3 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राजस्थान में निवेश करने वाली उद्यमियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी तथा उनकी सभी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार भविष्य की आवश्यकताओं के मद्देनजर प्रदेश में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को आधार मानकर ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।"श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत 2047 की परिकल्पना दी है। जिसे साकार करने में राजस्थान भी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद गरीब कल्याण, देश में आतंकवाद का खात्मा, आर्थिक विकास तथा भारत का दुनिया में गौरव बढ़ा है। देश में हर क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा "हमारी सरकार ने विभिन्न योजनाओं, नवाचारों एवं कार्यक्रमों द्वारा प्रदेश में विकास को गति दी है। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ ही सड़क नेटवर्क को भी सुदृढ़ किया गया है। राज्य में प्रचुर मात्रा में खनिज उपलब्ध है। राज्य सरकार इनकी प्रोसेसिंग पर विशेष ध्यान दे रही है। साथ ही एक जिला-एक उत्पाद योजना के माध्यम से जिले की स्थानीय विशिष्टताओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमारी सरकार 34 नयी नीतियां लाई है, जिससे उद्योगों को अनुकूल वातावरण मिले।"श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के ऐतिहासिक मंदिर तथा सांस्कृतिक विरासत देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। साथ ही, हमारी सरकार शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी मजबूत हुई है, महिला अत्याचारों के मामलों में 10 प्रतिशत की कमी भी आई है तथा पुलिस को पर्याप्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए राज्य सरकार युवा नीति लाई है, जिससे उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके। साथ ही, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। हमारी मंशा है कि युवा रोजगार प्राप्त करने के साथ रोजगार प्रदाता बनें। उन्होंने कहा कि गत सरकार के समय पेपरलीक जैसे प्रकरणों से युवाओं के सपने चूर-चूर हो गए थे, लेकिन हमारी सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। राज्य सरकार युवाओं को चार लाख सरकारी क्षेत्र में एवं छह लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। अब तक एक लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी है। एक लाख 33 हजार भर्ती प्रक्रियाधीन हैं तथा एक लाख से ज्यादा पदों का भर्ती कैलेण्डर जारी किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित