बांसवाड़ा , दिसंबर 18 -- राजस्थान के सबसे बड़े शिक्षक संगठन राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) का दो दिवसीय प्रदेश शैक्षिक सम्मेलन शुक्रवार से बांसवाड़ा में आयोजित किया जायेगा जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रुप में भाग लेंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेशचन्द्र पुष्करणा ने गुरुवार को यहां मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन यहां लियो संस्थान डांगपाड़ा में आयोजित किया जायेगा। जिसमें प्रदेश भर से हजारों शिक्षक भाग लेंगे। श्री पुष्करणा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नारायणलाल गुप्ता, राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह राठौड़ एवं प्रांत कार्यवाह शंकरलाल माली आदि शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में विभिन्न विषयों पर चर्चा परिचर्चा करने के लिए एक कैलेंडर जारी किया गया है। उसके अनुसार दिन भर विभिन्न बैठकें होंगी। शिक्षा में सुधार के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए हैं और जो सुझाव आएंगे, उन्हें राज्य सरकार के समक्ष रखा जायेगा। दूसरे दिन खुला सत्र होगा। जिसमें कई प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उन्हें भी राज्य सरकार तक भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में शिक्षकों की विभिन्न मांगों को प्राथमिकता के क्रम में रखा जायेगा। इनमें शिक्षकों के तबादलों पर प्रतिबंध को तत्काल हटाने एवं सभी संवर्गों के स्थानांतरण करने , पदोन्नतियां करने सहित कई मांगें शामिल होगी। दो दिन यहां सम्मेलन में आने वाले लोग इस वागड़ की धरती पर राजराजेश्वरी त्रिपुरा सुंदरी की इस भूमि पर शिक्षा को लेकर मंथन और चिंतन करेंगे।
सम्मेलन के संयोजक डा रिषिन चौबीसा ने बताया कि सम्मेलन के लिए सभी तैयारियों पूरी कर ली गई हैं और अधिवेशन स्थल पर दस हज़ार से अधिक शिक्षकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित