जयपुर , अप्रैल 22 -- राजस्थान विश्वविद्यालय के खेल मंडल में पांच दिवसीय अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया गया है।

विश्वविद्यालय सूत्रों ने बताया कि 21 से 25 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न जोन से आई शीर्ष 16 टीमें भाग ले रही हैं और प्रतियोगिता के पहले दिन आठ मैच खेले गये।

इस अवसर पर आयोजित शुभारंभ समारोह कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय पैरा-तैराक पदमश्री डॉ. सत्येंद्र सिंह लोहिया मौजूद थे वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपियन गोपाल सैनी भी मौजूद थे। खेल मंडलकी सचिव डॉ. प्रतिभा सिंह रतनू ने सभी अतिथियों और देश के विभिन्न जोन से आई शीर्ष 16 टीमों का स्वागत किया।

पहले दिन राजस्थान विश्वविद्यालय और एलएन मिथिला विश्वविद्यालय के बीच हुए मुकाबले में राजस्थान विश्वविद्यालय ने 45-26 से एकतरफा जीत दर्ज की।

अन्य मैचों में एलपीयू फगवाड़ा ने वीबी पूर्वांचल को 16 गोल से हराया वहीं यूईएम चौमु जयपुर ने मणिपुर विश्वविद्यालय को 11 गोल से शिकस्त दी।

केएएचई कोयंबटूर ने एलएनइईपीई ग्वालियर को छह गोल से और अन्नामलाई विश्वविद्यालय ने एचपीयू शिमला को चार गोल से मात दी। सौराष्ट्र विश्वविद्यालय ने एक बेहद कड़े मुकाबले में पेरियार विश्वविद्यालय को मात्र एक गोल के अंतर से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इसी तरह पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला और यूएस टीम मेघालय के बीच मुकाबला हुआ जिसमें पटियाला ने 38-24 से जीत हासिल की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित