जयपुर , अप्रैल 27 -- राजस्थान विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव सोमवार को सम्पन्न हो गया।

विश्वविद्यालय की छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रवीण शर्मा ने बताया कि तीन वर्ष के लंबे अंतराल के बाद इस आयोजन से विश्वविद्यालय परिसर एक बार फिर युवा ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मकता से सराबोर नजर आया।

महोत्सव में जयपुर एवं दौसा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने एकल एवं समूह प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से वेस्टर्न ग्रुप डांस, फोक ग्रुप डांस तथा मिस्टर एंड मिस यूथ प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इन आयोजनों में प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह भी देखने लायक रहा और पूरे समय पंडाल खचाखच भरा रहा और हर प्रस्तुति पर जोरदार तालियों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालय के चार अलग-अलग स्थलों पर आयोजित की गईं, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। नाट्य विभाग में सामाजिक सरोकारों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से समकालीन मुद्दों को उजागर किया।

डिपार्टमेंट ऑफ लाइफ लॉन्ग लर्निंग में हिंदी, अंग्रेजी एवं उर्दू काव्य पाठ तथा हिंदी एवं अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जहां प्रतिभागियों ने अपनी अभिव्यक्ति क्षमता, तर्कशक्ति और भाषा कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

संगीत विभाग में शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य और सामूहिक लोकगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया वहीं दृश्य कला विभाग में फेस पेंटिंग, मांडना एवं आशु पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक दृष्टि देखने को मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित