जयपुर , मार्च 10 -- राजस्थान विधानसभा में विपक्ष कांग्रेस सदस्यों ने मंगलवार को घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि एवं उसकी आपूर्ति के संबंध में उठाये गये मुद्दे पर सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं देने को लेकर सदन का बहिर्गमन किया।
शून्यकाल में कांग्रेस विधायक अमित चाचाण पर्ची के माध्यम से घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि एवं उनकी आपूर्ति का समय बढ़ा देने से उत्पन्न स्थिति का मामला उठाते हुए राज्य सरकार पर जनता को अपने हाल पर छोड़ देने का आरोप लगाया और मांग की कि सरकार को इस मामले में जनता को राहत देने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले जहां गैस एक दिन बाद के बुक हो जाती थी अब 25 दिन बाद बुक कराने की व्यवस्था कर दी गई। आगामी चार महीनों में करीब एक लाख शादियां होने का अनुमान हैं। उन्होंने इस मामले में राहत प्रदान करने की मांग की।
इस दौरान उपनेता टीकराम जूली ने सरकार से इस मामले में जवाब देने की मांग करते हुए अध्यक्ष से सरकार से जवाब दिलवाने का आग्रह किया। इस दौरान कांग्रेस के अन्य सदस्य भी खड़े हो गए और बोलने लगे जिससे सदन में शोर शराबा होने लगा। इस पर अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सदन को चलने दिया जाये।
बाद में कांग्रेस के सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गये और नारेबाजी करने लगे। इस पर श्री देवनानी ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों को अपनी सीटों पर जाने का आग्रह किया। श्री जूली ने कहा कि निवेदन है कि सरकार से इस संबंध में जवाब दिलवाया जाये। श्री देवनानी ने कहा कि आपकी बात सरकार के संज्ञान में आ गई हैं। इसके बाद एक बजकर 12 मिनट पर कांग्रेस सदस्य यह कहते हुए सदन का बहिर्गमन कर गये कि सरकार उनकी बात का जबाव नहीं दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित