उदयपुर , जनवरी 15 -- उच्च शिक्षा को वैश्विक स्तर से जोड़ने की दिशा में जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ, उदयपुर और यूरोप के देश माल्टा स्थित एसेन्सिया संस्थान के डिजिटल शिक्षण परिसर ई-एसेन्सियां के बीच अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता हुआ है।

विद्यापीठ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने गुरुवार को बताया कि यह सहयोग विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत राजस्थान विद्यापीठ के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को ई-एसेन्सिया द्वारा संचालित विविध ऑनलाइन शैक्षणिक कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इन कार्यक्रमों में व्यावसायिक अध्ययन, नेतृत्व विकास और तकनीकी कौशल से संबंधित पाठ्यक्रम शामिल हैं, जो वर्तमान वैश्विक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।

प्रो. सारंगदेवोत ने बताया, समझौते के तहत शिक्षकों के लिए विशेष शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का भी प्रावधान है। इससे शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव प्राप्त होगा और शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित