जयपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान की 309 स्थानीय निकायों में 195 निकायों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया, जिसमें तीन लाख 22 हजार से अधिक मतदाताओं की कमी दर्ज की गयी है, जो लगभग 2.90 प्रतिशत मतदाता कम हुए हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि नगर निकाय चुनाव-2026 के लिए राज्य की 309 स्थानीय निकायों में से 195 निकायों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन बुधवार को कर दिया गया है और शेष 113 स्थानीय निकायों की मतदाता सूची का कार्यक्रम पृथक से चल रहा है।
श्री सिंह ने बताया कि बताया कि गत 20 फरवरी को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में कुल एक करोड़ 13 लाख 29 हजार 913 मतदाता शामिल थे। ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद दो लाख 27 हजार 879 नये मतदाता जोड़े गये, जबकि पांच लाख 49 हजार 916 मतदाताओं के नाम हटाये गये। इसके बाद अंतिम प्रकाशन में 195 निकायों में कुल एक करोड़ 10 लाख सात हजार 876 मतदाता दर्ज किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य के 195 नगर निकायों में प्रकाशित इस अंतिम मतदाता सूची में 56 लाख 57 हजार 921 पुरुष एवं 53 लाख 49 हजार 578 महिलाएं तथा 377 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। ड्राफ्ट सूची की तुलना में अंतिम सूची में तीन लाख 22 हजार 37 मतदाताओं की कमी दर्ज की गयी है।
जिला स्तर पर जोधपुर में 16.9 प्रतिशत तथा उदयपुर में 11.50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी है, जबकि बाड़मेर में 2.50 प्रतिशत एवं नागौर में 2.40 प्रतिशत की वृद्धि देखी गयी है।
राज्य के 39 जिलों में नगर निकायों के 6485 वार्डों तथा 12198 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित