भीलवाड़ा , जनवरी 23 -- राजस्थान के बस ऑपरेटरों ने परिवहन विभाग द्वारा अपनाये जा रहे 'भेदभावपूर्ण रवैये' और मोटर वाहन अधिनियम विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के विरोध में 24 जनवरी को राज्यव्यापी हड़ताल का एलान किया है।

राजस्थान बस संचालक संंघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण साहू के आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल के दौरान पूरे राज्य में निजी बसों के पहिये थमे रहेंगे। संघ के प्रदेश प्रवक्ता जगदीश चन्द्र ओझा शुक्रवार को बताया कि परिवहन आयुक्त द्वारा राज्य के व्यावसायिक वाहनों, विशेषकर निजी बस संचालकों पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम में प्रावधान न होने के बावजूद निजी बसों के गलत चालान काटे जा रहे हैं, परिवहन अधिकारियों को अवैध लक्ष्य दिए जा रहे हैं और जिसके पूरा न होने पर उनकी आईडी बंद की जा रही है।

श्री ओझा ने बताया कि रूट पर चल रही बसों से यात्रियों को बीच रास्ते उतारना जैसे कृत्य किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अमानवीय और नियम विरुद्ध हैं। स्टेज कैरिज बसों में जंगला और सीढ़ी लगी रहने का स्पष्ट प्रावधान होने के बाद भी जबरन इन्हें उतरवाया जा रहा है और वाहनों को सीज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शनिवार को एक दिवसीय हड़ताल के दौरान राजस्थान की लोक परिवहन एवं स्टेज कैरिज बसें, अनुबंधित एवं उपनगरीय बसें, ग्रामीण एवं सिटी बसें, स्कूल, फैक्ट्री बसें आदि की बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित