जयपुर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है और बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है।

श्री डोटासरा बुधवार को यहां अपने जन्म दिन पर कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं के उन्हें बधाई एवं शुभकामना देने के कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। जनता के कल्याण के कार्य के लिए मुख्यमंत्री, मंत्री अथवा विधायक में से कौन कार्य करेगा यह आज कोई नहीं बता सकता क्योंकि प्रदेश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है, बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थिति यहां तक खराब है कि एक काम के लिए जरूरतमंद को कई जगह भ्रष्टाचार की पर्ची कटवानी पड़ रही है परन्तु जहां पर्ची कट रही है उनका एक भी व्यक्ति चुनाव जीत कर सरकार में शामिल नहीं है। वे केवल पर्दे के पीछे रह कर सरकार चलाते है जो कि आरएसएस है। हाल में शिक्षा विभाग में पांच हजार प्रिन्सिपल के स्थानान्तरण हुए, सबसे पहले आठ सौ की सूची बनी, सीएमओ में जाने पर वह सूची 1000-1100 की हो गई और आरएसएस कार्यालय में जाने के बाद सूची 1700-1800 की बनी, पुनः सूची सीएमओ में आयी और वह 3500 की हो गई इसके बाद अधिकारियों और दलालों के हत्थे चढ़ने पर इस सूची में 4500 से अधिक के स्थानान्तरण हो गए।

उन्होंने कहा कि यह भारी भ्रष्टाचार का उदाहरण है क्योंकि जनवरी-फरवरी में सभी भाजपा विधायकों से स्थानान्तरण के लिए नाम मांगे गए थे, जनवरी में पर्चियां कटना शुरू हुई और सितम्बर तक आकर यह स्थानान्तरण सूची जारी हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित