जयपुर , जनवरी 24 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे ग्राम उत्थान शिविरों के तहत पहले दो दिनों में अब तक 687 शिविरों का आयोजन किया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ग्राम उत्थान शिविरों के पहले दिन 23 जनवरी को प्रदेशभर में आयोजित हुए 366 शिविरों में 2 लाख 11 हजार से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया वहीं दूससरे दिन 24 जनवरी को 321 शिविर आयोजित किए गए।
प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर आयोजित हो रहे एक दिवसीय शिविर में ग्रामीणों एवं विशेष रूप से किसानों एवं पशुपालकों को 12 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने किसानों एवं पशुपालकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में आगामी ग्राम उत्थान शिविरों में सहभागी बनें और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी से प्रथम चरण में प्रारंभ हुए ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन 25 एवं 31 जनवरी को किया जाएगा। इसी प्रकार द्वितीय चरण में एक फरवरी एवं पांच से नौ फरवरी तक भी प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर इन शिविरों का आयोजन होगा। प्रदेशभर में प्रातः 10 बजे से सायं पांच बजे तक यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित