जयपुर , मार्च 11 -- राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इस संबंध में घरेलू उपभोक्ताओं को चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है।
श्री श्रीनिवास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति के संबंध में प्रदत्त निर्देशों की अनुपालना में बुधवार को सचिवालय में प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षकों, विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों तथा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वीसी के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक ली और इस दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के गत नौ मार्च के एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर के माध्यम से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। परंतु घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इस संबंध में घरेलू उपभोक्ताओं को चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों में रसोई गैस की निर्बाध एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश में संचालित सभी अन्नपूर्णा रसोइयों में भी रसोई गैस का उचित प्रबंध करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में मुख्य सचिव ने घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर निगरानी समितियां बनाने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन समितियों में पुलिस विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी एवं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। यह कमेटी राज्य एवं जिला स्तर पर मांग एवं आपूर्ति के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर की स्टॉकिंग, आवाजाही एवं वितरण प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करेगी तथा घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी एवं अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल के विरुद्ध प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करेगी।
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण आदि के संबंध में आई शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी संज्ञान लेकर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही राजस्थान संपर्क की हेल्पलाइन नंबर 181 पर भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायत की जा सकेगी। उपभोक्ता मामले विभाग के हेल्पलाइन नंबर 14435 पर भी इस संबंध में शिकायत दर्ज की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी एवं अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल रोकने हेतु की जिला एवं राज्य स्तर पर गठित कंट्रोल रूम निरंतर कार्य करेंगे एवं रसोई गैस आपूर्ति पर की प्रभावी निगरानी कर आमजन को सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारीयों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन मीडिया के माध्यम से आमजन को रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि आमजन में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति की वास्तुस्थिति के बारे में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता आवश्यक है ताकि किसी प्रकार की भ्रामक स्थिति उत्पन्न ना हो। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सहज उपलब्धता के लिए मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव द्वारा प्रदत्त निर्देशों की विभागीय स्तर पर शत प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित