जयपुर , मई 11 -- राजस्थान सरकार की आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने तथा सरकारी ग्रामीण योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में चलाये जा रहे ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास चौपालें एवं "ग्रामरथ" ग्रामीण क्षेत्रों में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने सोमवार को यह बात कहते हुए बताया कि गत 28 अप्रैल से लगातार विधानसभाओं में ग्राम विकास चौपालों का आयोजन किया जा रहा है और इसके तहत अब तक प्रदेश स्तर पर 326 नेताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रवास किया जबकि जिला स्तर पर 1100 से अधिक प्रवास हुए। अब तक भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा 7500 से अधिक ग्राम पंचायतों में पहुंचकर चौपालों के माध्यम से आमजन से संवाद किया गया।

श्री दाधीच ने बताया कि सरकार के मंत्रियों द्वारा प्रभार वाले जिले में छह तथा स्वयं की विधानसभा में चार ग्राम विकास चौपालों में भाग ले रहे है। मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी, सी पी जोशी, डॉ सतीश पूनिया सहित प्रदेश पदाधिकारी, प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधि लगातार गांवों में पहुंचकर चौपाल कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ के बंबोरी, सीकर की जाजोद तथा अजमेर की कड़ेल ग्राम पंचायत में ग्रामीणों से संवाद किया वहीं पुष्कर एवं उदयपुर में श्री राठौड़ ने ग्राम विकास चौपाल में भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मौके पर त्वरित समाधान किया गया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित