हनुमानगढ़ , अप्रैल 04 -- राजस्थान में शासन सचिव अम्बरीषकुमार ने शनिवार को हनुमानगढ़ में मंडी समिति के सचिव, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों एवं मंडी सचिव के साथ आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करके गेहूं खरीद की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में निर्धारित समय बुकिंग प्रणाली पर विस्तृत चर्चा करते हुए बताया गया कि किसान निर्धारित समयावधि में अपना गेहूं मंडी में ला सकेंगे और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। निर्धारित बुकिंग के बाद किसान आठ से 12 दिनों के भीतर अपनी उपज मंडी में लेकर आ सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि किसान संगठन निर्धारित समय बुकिंग का विरोध कर रहे हैं। अब तक सरकार ने इस पर अपना कोई रुख स्पष्ट नहीं किया है।

बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि किसानों द्वारा लाए गए गेहूं का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। सीमावर्ती राज्यों से अवैध आवक रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और उपखंड अधिकारी स्तर पर जांच चौकी स्थापित की गयी हैं। साथ ही मंडी में बारदाना उपलब्ध है और आवश्यकता अनुसार इसकी निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने एजेंसियों के कार्मिकों एवं ट्रांसपोर्ट एजेंटों को मंडी में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं एफसीआई को गेहूं उठाव के बाद भंडारण के लिए पर्याप्त गोदाम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित