नयी दिल्ली/जयपुर , मार्च 25 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान में गेंहू की अधिकतम खरीद सुनिश्चित करने और खरीद केन्द्र बढ़ाये जाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को उनकी उपज का अधिकतम लाभ मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्री बिरला ने बुधवार को नयी दिल्ली में संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में राजस्थान में गेंहू की फसल के अधिकतम खरीद को सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में राजस्थान सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा तथा सहकारिता मंत्री गौतम दक भी मौजूद थे।

श्री बिरला ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारियों को कहा कि प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का अधिकतम लाभ मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि खरीद केन्द्र पर बारदाने की समूचित व्यवस्था की जाए, जिन किसानों की गरिदावरी शेष रह गई है उन्हें पूरा किया जाए। वर्तमान समय में मौसम की अनियमितता के कारण असमय बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे किसानों की तैयार गेंहू की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ऐसे में किसानों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक है कि गेंहू की खरीद प्रक्रिया को तेज, सुगम और व्यापक बनाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित