जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र और राज्य सरकार पर देश और प्रदेश में गैस संकट के हालात बन जाने एवं अपना दायित्व निभाने में पूर्णतया विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस नागरिकों के हितों के संरक्षण के लिए सरकार के विरुद्ध राजधानी जयपुर में प्रदेश स्तर का व्यापक आंदोलन करेगी।
श्री डोटासरा गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ प्रेस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गैस की किल्लत ने संकट का रूप ले लिया है, कालाबाजारी बढ़ रही है। गैस कम्पनियों के बाहर पुलिस को जोर आजमाईश करनी पड़ रही है, अधिकारी भ्रष्टाचार की चांदी कूट रहे हैं, प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है, राज्य सरकार कान में रूई डालकर बैठी हुई है और विपक्ष अपना दायित्व निभाते हुये सरकार को नींद से जगाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की विफलताओं के विरोध में सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को जिला मुख्यालयों पर भाजपा सरकार के खिलाफ धरने-प्रदर्शन करने के लिये निर्देशित किया गया है, इसके पश्चात् ब्लॉक, मण्डल स्तर पर प्रदर्शन होंगे और प्रदेश स्तर का भी व्यापक आन्दोलन राजधानी से प्रारम्भ कांग्रेस पार्टी द्वारा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपना दायित्व निभाने में पूर्णतया विफल रही है।
उन्होंने कहा कि एप्सटीन फाईल आने के बाद देश के प्रधानमंत्री का अमेरिका के सामने सरेण्डर होना पूरे विश्व में चर्चा का मुद्दा बना हुआ है। एप्सटीन फाईल में अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प का नाम है, हमारे देश में रहने वाले ट्रम्प के मित्रों के भी नाम बताये जा रहे हैं। इन परिस्थितियों में इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिये अमेरिका ने इजरायल और ईरान के बीच युद्ध छिड़वा दिया है और खाड़ी देशों में 11 दिन से अधिक समय तक युद्ध चलने के कारण हमारे देश में एलपीजी गैस सहित कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित हो रही है जिस कारण एलपीजी गैस सिलेण्डर की बुकिंग नहीं हो रही है, व्यवसायिक सिलेण्डर की आपूर्ति बंद की जा चुकी है। घरेलू गैस सिलेण्डर की कीमत 60 रुपए बढ़ा दी गई है, व्यवसायिक सिलेण्डर की कीमत 115 से अधिक कीमत बढ़ चुकी है लेकिन कीमत बढऩे के बावजूद लोगों को गैस सिलेण्डर नहीं मिल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित