जयपुर , अप्रैल 13 -- राजस्थान में जयपुर रेंज के जिलों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने एक दिवसीय विशेष अभियान चलाकर रेंज के विभिन्न जिलों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 10 हजार 344 वाहनों का चालान किया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चार हजार 543 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी। साथ ही चार पहिया वाहनों में सीटबेल्ट नहीं लगाने पर एक हजार 791 चालान काटे गए। दुपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने पर 972 और तेज गति से वाहन चलाने पर एक हजार 183 चालान किए गए।
पुलिस ने बताया कि इसके अतिरिक्त गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 735 और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले 179 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा माने जाने वाले शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कुल 169 कार्रवाइयां कीं। ओवरलोडिंग के विरुद्ध 87, वाहनों पर अनाधिकृत ब्लैक फिल्म लगाने पर 410 और बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले 213 वाहनों के चालान किए गए।
आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि जयपुर रेंज पुलिस द्वारा की गई इस व्यापक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना और भविष्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित