नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- राजस्थान में पीएम-सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना के तहत गत 31 दिसंबर तक एक लाख 19 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे एक लाख 22 हजार से अधिक परिवारों को लाभ मिला है।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा एवं विद्युत राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने संसद में राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के इस संबंध में किए सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। इस योजना के तहत राजस्थान में अब तक 823.12 करोड़ रुपए की केंद्रीय वित्तीय सहायता (सब्सिडी) वितरित की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि योजना के शुरू किए जाने के बाद देश में 20 लाख 85 हजार 514 रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए है, जिससे गत 31 दिसंबर तक 26 लाख 14 हजार 446 परिवारों को केंद्रीय वित्तीय सहायता के रूप में वितरित 14771 करोड़ रुपए से लाभ हुआ है। राजस्थान रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने में देश के टॉप पांच राज्यों में शामिल है। गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, केरल के बाद राजस्थान में सर्वाधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए है।

श्री राठौड़ ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना के तहत पीएम-सूर्य घर योजना में 1.1 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने वाले परिवारों को प्रति महीने 150 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का प्रावधान किया गया है, इससे आम उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य के करीब आ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और राजस्थान इस दिशा में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने आम नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सोलर ऊर्जा न केवल आर्थिक राहत देती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ भविष्य भी सुनिश्चित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित