जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का दुरुपयोग और अवैध गैस रिफिलिंग से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है।

श्री गोदारा प्रश्नकाल में विधायक गोपाल शर्मा के पूरक प्रश्न का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की होटल, ढाबों, चाय की दुकानों, हलवाइयों एवं विवाह स्थलों पर अवैध उपयोग की नियमित जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कार्रवाई करने और सघन अभियान चलाने के लिए जिला कलेक्टर द्वारा स्वयं के स्तर पर जांच दल गठित कर कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने कहा कि जयपुर शहर में 'ऑपरेशन प्रवर्तन-सतर्क नागरिक सुरक्षित शहर' अभियान के तहत अवैध गैस रिफलिंग एवं घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डरों के दुरूपयोग के विरूद्ध् कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि जयपुर शहर में वर्ष 2023 से वर्ष 2025 तक घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध व्यावसायिक उपयोग करने पर 42 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी थी। इसके तहत कुल 129 गैस सिलेण्डर जब्त किये गये। उन्होंने बताया कि चार गैस एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गयी है।

इससे पहले श्री शर्मा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र सिविल लाइंस में वर्ष 2023 से 2025 तक अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध 34 शिकायतें प्राप्त हुई है। इस पर कार्यवाही के दौरान 493 गैस सिलेण्डर, 41 रिफलिंग मोटर, 33 नोजल पाइप, 39 इलेक्ट्रॉनिक कांटे एवं 21 बांसुरी/ रेग्यूलेटर जब्त किये गये हैं। उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2026 में गैस एजेन्सी पर भी एक एफआईआर दर्ज की गयी है। उन्होंने जब्त सामग्री का स्थानवार विवरण सदन के पटल पर रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित