जयपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा 'नेतृत्व सृजन' दो दिवसीय आवासीय शिविर" का आयोजन 14 एवं 15 फ़रवरी को किया जायेगा।
राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सारिका सिंह ने शुक्रवार को बताया कि प्रशिक्षण शिविर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय जयपुर में आयोजित किया जाएगा । उन्होंने बताया कि यह विशेष प्रशिक्षण शिविर महिला नेतृत्व के विकास, वैचारिक सुदृढ़ता एवं संगठनात्मक क्षमता के विस्तार के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविर का शुभारंभ शनिवार को सुबह 10 बजे अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा किया जाएगा ।
शिविर में महिला पदाधिकारियों को राजनीतिक प्रशिक्षण, संगठनात्मक दक्षता एवं नेतृत्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
सारिका सिंह ने बताया कि यह आयोजन महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
यह ऐसा प्रशिक्षण शिविर होगा जिसमें भारत की संविधान, लैंगिक विविधता, कांग्रेस की विचारधारा, मीडिया मैनेजमेंट. सोशल मीडिया जैसे विषयों पर दोनों दिन अलग-अलग वक्ताओं द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित