जयपुर , मार्च 26 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मध्यपूर्व एशिया क्षेत्र में मौजूदा हालातों को लेकर राजस्थान फाउंडेशन के 26 चैप्टर्स एवं देश-विदेश के 60 प्रवासी राजस्थानी एसोसिएशन्स, प्रवासी राजस्थानी कॉर्डिनेटर्स के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाद किया।
श्री शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में इस वीडियो कांफ्रेंस में कहा कि हाल के दिनों में रियाद, कुवैत, बहरीन, दुबई जैसे देशों में राजस्थान फाउंडेशन की शाखाओं (चैप्टर्स) ने प्रवासी राजस्थानियों के सुरक्षित आवास, खाने जैसी बुनियादी आवश्यकताओं और वतन वापसी का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार और राजस्थान फाउंडेशन आगे भी मध्यपूर्व एशिया के देशों में प्रवासी राजस्थानियों की हरसंभव मदद के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जिस उद्देश्य से राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर्स का विस्तार और प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने का फैसला लिया था। वह अब सफलतापूर्वक साकार हो रहा है। वर्तमान में 26 चैप्टर्स प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मिट्टी से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं वहीं 14 नए चैप्टर्स के गठन की प्रक्रिया से इसे ओर मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क, लंदन, सिंगापुर, दिल्ली, बेंगलुरू और गुहावाटी में संचालित चैप्टर्स के द्वारा महिला विंग शुरू करने की पहल अनुकरणीय है। इससे प्रेरणा लेकर सभी चैप्टर्स यूथ एवं महिला विंग का गठन करें। वीसी के माध्यम से आयोजित इस बैठक में दुबई, रियाद, सऊदी अरब सहित अन्य चैप्टर्स के अध्यक्षों ने फाउंडेशन की ओर से इन देशों सहित अन्य पड़ोसी देशोें में भी प्रवासी राजस्थानियों को पहुंचाई गई मदद की विस्तृत जानकारी दी।
राज्य सरकार और राजस्थान फाउंडेशन की ओर से मिल रही मदद के लिए सभी चैप्टर्स ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर मुख्य सचिव सहित मुख्यमंत्री कार्यालय, उद्योग एवं वाणिज्य एवं राजस्थान फाउंडेशन के उच्चाधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित