अलवर , मार्च 19 -- राजस्थान में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने आज सायं राजस्थान दिवस पर कम्पनी बाग में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन करके किया।

श्री शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को नव संवत्सर, चैत्र नवरात्र स्थापना एवं राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का विशेष महत्व है और इस दिन हिंदू नववर्ष का प्रारम्भ होता है। इसी महत्व को दृष्टिगत रखते हुए राज्य सरकार द्वारा राजस्थान दिवस को चैत्र प्रतिपदा के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि अलवर में पर्यटन की अपार संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए पर्यटन केंद्र बनाने एवं राज्य में स्वच्छता की श्रेणी में अव्वल लाने की दिशा में निरन्तर सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में 14 मार्च से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके आमजन को सरकार की योजनाओं एवं नीतियों से लाभान्वित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित