जयपुर , नवम्बर 18 -- राजस्थान को उत्कृष्ट जल प्रबंधन एवं सामुदायिक भागीदारी के लिए तीसरी बार 'जल संचय जन भागीदारी पुरस्कार' से सम्मानित किया गया है। राज्य ने देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी द्वारा मंगलवार को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राज्य को यह सम्मान दिया गया। राज्य की ओर से जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त सचिव एवं मुख्य अभियंता भुवन भास्कर ने राज्य स्तरीय पुरस्कार ग्रहण किया।
सूत्रों ने बताया कि जल संचयन जन भागीदारी 1.0 के अंतर्गत उत्कृष्ट जिलों की श्रेणी में बाड़मेर जिले को जल संरक्षण की दिशा में अतुलनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर राज्य के आठ अन्य जिलों भीलवाड़ा, जयपुर, उदयपुर, अलवर, बारां, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़ और सीकर को भी जल सुरक्षित भारत के निर्माण के लिये अनुकरणीय प्रतिबद्धता के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य की इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण और जल संचयन की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य में वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान और कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान से व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करके जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित