जयपुर , जनवरी 29 -- राजस्थान के विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश के पहाड़ी तथा दुर्गम स्थानों पर सिविल न्यायाधीश और न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय खोलने के लिए उपलब्ध संसाधनों के साथ ही उच्च न्यायालय की अनुमति के बाद गंभीरता से प्रयास किये जायेगें।
श्री पटेल ने प्रश्नकाल में विधायक जब्बर सिंह सांखला द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को त्वरित, सुलभ और निष्पक्ष न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले श्री सांखला के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में श्री पटेल ने बताया कि वर्तमान में बदनोर में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय (मुंसिफ कोर्ट) की स्थापना का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है, क्योंकि बदनोर क्षेत्र के सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय स्तर के सुनवाई योग्य लंबित प्रकरणों की संख्या 812 हैं जो राज्य सरकार द्वारा इस स्तर के न्यायालय की स्थापना के लिए निर्धारित मानदण्ड 1700-2000 प्रकरणों से बहुत कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित