जयपुर , मार्च 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसान को देश की आत्मा बताते हुए कहा है कि इनके सम्मान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करोड़ों किसान परिवारों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त हस्तान्तरित की है जिनमें राजस्थान के 66 लाख 76 हजार से अधिक किसान शामिल हैं और इन्हें एक हजार 355 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है।
श्री शर्मा श्री मोदी के शुक्रवार को असम के गुवाहाटी में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के हस्तान्तरण कार्यक्रम तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के भूमि पूजन एवं उद्घाटन समारोह के अवसर पर जयपुर में दुर्गापुरा के राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान से वीसी के जरिए जुड़े और उनका संबोधन सुना तथा इस मौके यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है।
श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी की प्राथमिकता में किसान हमेशा से हैं। गत वर्षों में उनके नेतृत्व में किसान संबंधी नीति में नई सोच आई है। अब किसान को देश की ताकत माना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दृढ़ संकल्प है कि भारत का किसान समृद्ध बने। इस दिशा में अनेक योजनाएं बनाई गई हैं, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना प्रमुख है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू की गई है, जिसके तहत पात्र किसानों को हर साल राज्य सरकार की ओर से 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस सम्मान निधि की राशि को चरणबद्ध रूप से 12 हजार रुपये तक बढ़ाने के लिए कृत संकल्पित है। फसल बीमा योजना में खराबे पर पूर्ववर्ती सरकार से ज्यादा मुआवजा दिया जा रहा है। इस योजना में अब तक 6 हजार 473 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम राज्य में वितरित किए जा चुके हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने कृषकों के कल्याण को ध्यान में रखकर गत सरकार के अंतिम वर्ष 2023-24 के मुकाबले ऐतिहासिक 34 प्रतिशत की वृद्धि करके वर्ष 2026-27 में कृषि बजट एक लाख 19 हजार 408 करोड़ रुपये रखा है। वहीं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत अब तक 16 लाख से अधिक पशुओं की निशुल्क बीमा पॉलिसी जारी की गई है और पॉलिसी धारकों को लगातार क्लेम वितरण किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 536 मोबाइल पशु चिकित्सा वाहन गांवों में सेवा दे रहे हैं। राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना में पशुपालकों को एक लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध हो रहा है। इस योजना में अब तक 682 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सहकार से समृद्धि' की पहलों को प्रभावी रूप से लागू करने में राजस्थान देश का अग्रणी राज्य है। इसी क्रम में अन्न भंडारण योजना के तहत राज्य में 500 टन क्षमता के गोदामों का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्ष 2026-27 के बजट में भी 500 टन क्षमता के 50 गोदामों के निर्माण का प्रावधान किया गया है। वहीं 250 और 100 टन क्षमता के नए गोदामों के निर्माण तथा पुराने गोदामों के नवीनीकरण से भंडारण क्षमता में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित