उदयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों से हर मायने में बेहतर होने का दावा करते हुए प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहने का आह्वान किया हैं।
श्री दिलावर आईआईएफलएल संस्था द्वारा उदयपुर जिले की पंचायत समिति बड़गांव के वाटी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के अवसर पर यह आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक घर-घर जाकर बच्चों का विद्यालय में नव प्रवेश कराये। उन्होंने कहा निजी विद्यालयों में पढ़ने के लिए लाखों की फीस जबकि सरकारी विद्यालय में पाठ्य पुस्तक, गणवेश,भोजन,लैपटॉप साइकिल एवं छात्रवृत्ति सहित सारी सुविधा निशुल्क हैं और सरकारी विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक उच्च शिक्षित और प्रशिक्षित है।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में भवन, आधुनिक स्मार्ट लैब सहित निजी विद्यालय की टक्कर की अन्य सुविधाओं को विकसित किया जा रहा हैं। शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि आईआईएफलएल संस्था ने उदयपुर जिले के 102 विद्यालयों को गोद लिया है। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष निर्मल जैन तथा निदेशक मधु जैन सहित विधायक उदयपुर ग्रामीण फूलचंद मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष उदयपुर देहात पुष्कर तेली, भाजपा जिला अध्यक्ष उदयपुर शहर गजपाल सिंह राठौड भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित