जयपुर , फरवरी 06 -- राजस्थान उच्च न्यायालय में शुक्रवार को एक संदिग्ध ईमेल मिला, जिसमें न्यायालय परिसर में बम होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि बम की धमकी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम जनता को भवन से सुरक्षित बाहर निकाला। न्यायिक कार्यवाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ता और स्थानीय पुलिस के कई दल मौके पर तैनात किये गये। पूरे उच्च न्यायालय परिसर, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया।

पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई धमकी भरे ईमेल पहले भी मिल चुके हैं, जो बाद में झूठे साबित हुए लेकिन सुरक्षा एजेंसियाँ हर बार पूरे नियमानुसार कार्रवाई करती हैं। साइबर सेल शाखा धमकी वाले ईमेल की भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि उच्च न्यायालय परिसर में उच्च स्तरीय सतर्कता जारी रहेगी। किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। न्यायालय को बम से उडाने की यह धमकी सातवीं बार मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित