जयपुर , फरवरी 06 -- राजस्थान आवासन मण्डल की जयपुर में 70 करोड़ की व्यावसायिक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इंदिरा गांधी नगर, सेक्टर-प्रथम में स्थित राजस्थान आवासन मण्डल की अधिग्रहीत एवं व्यावसायिक उपयोग के लिए नियोजित लगभग सात हजार वर्ग मीटर भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध मण्डल द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। यह भूमि पर लगभग दो महीनों के दौरान अवैध रूप से किए गए फाउंडेशन निर्माण के रूप में हुए अतिक्रमण को शुक्रवार राजस्थान आवासन मण्डल के खण्ड-प्रथम कार्यालय द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर हटाया गया।

मण्डल के सचिव गोपाल सिंह ने कहा कि मण्डल की अधिग्रहीत भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। मण्डल ने स्पष्ट किया कि शहरी विकास योजनाओं के अनुरूप भूमि का नियोजित उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा तथा सार्वजनिक संपत्ति पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित