जोधपुर , मार्च 19 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को कहा कि राजस्थान अमिट अनुभवों का एक अनमोल संसार है, जो हर किसी को अपनी संस्कृति, आतिथ्य और वैभव से मंत्रमुग्ध कर देता है।

श्री शेखावत आज यहां राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे की मौजूदगी में आयोजित राजस्थान दिवस समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर भव्य रंगारंग सांस्कृतिक समारोह में राजस्थान के पारंपरिक लोकगीतों और सामूहिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मनमोह लिया।

श्री शेखावत ने राजस्थान के स्थापना दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सदियों पुरानी परंपराएं आज भी यहां की जीवनशैली में रची-बसी हैं। वीरता, परंपरा और रंगों की अनोखी छटा से सजा हमारा राजस्थान भारत की सांस्कृतिक आत्मा का एक स्वरूप है।

जोधपुर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक समारोह में पाली के सांसद पीपी चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित